
सड़क दुर्घटना में घायल प्रफुल्ल ओझा का निधन, गोविंदपुर में शोक की लहर
डीजे न्यूज, गोविंदपुर, धनबाद : एक फरवरी को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मास्टर कॉलोनी, गोविंदपुर निवासी प्रफुल्ल ओझा (57 वर्ष) ने इलाज के दौरान शुक्रवार को कोलकाता के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर से परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रफुल्ल ओझा धनबाद डीआरएम कार्यालय में सीनियर स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत थे। वे झारखंड सशस्त्र वाहिनी-3 से अवकाश प्राप्त सूबेदार मेजर रामाकांत ओझा के ज्येष्ठ पुत्र थे। एक फरवरी को वे अपने परिवार के साथ देवघर से पूजा कर लौट रहे थे, तभी गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क पर पालोबेड़ा गांव के पास उनकी कार को विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में प्रफुल्ल ओझा की पत्नी सुधा ओझा और छोटे भाई अरविंद ओझा की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल प्रफुल्ल ओझा को पहले धनबाद और फिर कोलकाता रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। अरविंद ओझा की पत्नी सरोज ओझा, जो कार में सवार थीं, इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट आईं।
प्रफुल्ल ओझा का पार्थिव शरीर शनिवार को गोविंदपुर पहुंचेगा। उनके परिवार में एक पुत्र शुभ्रांशु, जो बेंगलुरु में इंटेलिजेंस ब्यूरो में इंस्पेक्टर हैं, और एक पुत्री प्रेरणा हैं, जिनका विवाह गत वर्ष 3 दिसंबर को हुआ था। इस हादसे के साथ ही 80 वर्षीय रामाकांत ओझा अपने दोनों बेटों को खो चुके हैं। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।