
बलियापुर में लगातार दूसरे दिन भी तीन घरों में चोरी, नकदी, जेवरात समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ मारा
डीजे न्यूज, बलियापुर (धनबाद):
बलियापुर थाना क्षेत्र में चोरों ने दो दिनों के भीतर दूसरी बार चोरी की घटना को अंजाम देकर दहशत का माहौल उत्पन्न कर दिया है। शुक्रवार की रात चोरों ने दुधिया गांव को निशाना बनाया और तीन घरों से नकदी समेत आभूषण पर हाथ साफ कर दिया, जबकि आधा दर्जन से भी अधिक घरों में चोरी का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाए। इससे पहले गुरुवार की रात भी कुलुडी गांव के तीन घरों में चोरी हुई थी।
इनके घरों में हुई चोरी
चोरों ने दुधिया मोड़ स्थित रमजान अंसारी एवं मुख्तार अंसारी के घर पर दबिश दी। यहां चोरों ने अलमीरा व बक्सा को तोड़कर सोना, चांदी के आभूषण, कपड़े एवं नकद चुरा लिए। रमजान के घर से आभूषण समेत नकद 70 हजार रुपये चोरों के हाथ लगे हैं। मुख्तार के घर से भी हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी हुई है। इसके बाद चोरों ने गांव के चौबे टोला निवासी मंथन कुमार चौबे के बंद घर को निशाना बनाया। चोर दीवार फांदकर आंगन में प्रवेश किया और घर के मुख्य दरवाजा का ताला तोड़ा। अलमारी व बक्सा में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात एवं कपड़े लेकर चलते बने। चोरों ने इस दौरान पड़ोस के उत्तम कुमार चौबे, उमेश चौबे, अरुण मंडल, तापस मंडल, बबलू मोदक, लंबोदर मोदक के घर में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इनलोगों के घर को बाहर से बंद कर चोर भाग निकले।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना पाकर शनिवार को बलियापुर थाना के दारोगा अशोक कुमार, शिव शंकर उरांव तथा दारोगा महेश्वर महतो दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भुक्तभोगी परिवार से घटना की जानकारी लेकर तहकीकात की।
लोगों की नाराजगी
मुखिया उत्तम चौबे, पूर्व मुखिया रफीक अंसारी, प्रदीप उपाध्याय, माथुर मंडल आदि दुधिया गांव पहुंचे। उन्होंने घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द मामले का उदभेदन कर चोरों को गिरफ्तार करने की मांग पुलिस प्रशासन से की।
मालूम हो कि गुरुवार की रात कुलुडी में हुई चोरी में चोरों के हाथ लाखों रुपये की संपत्ति लगी है। चोरी की इन वारदातों से लोगों में पुलिस के प्रति रोष है।