
पूर्वी टुंडी प्रखंड कार्यालय पर भाजपा ने किया प्रदर्शन
भ्रष्टाचार और घुसखोरी के खिलाफ सरकार को घेरा
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा घोषित एकदिवसीय धरना कार्यक्रम के तहत मंगलवार को पूर्वी टुंडी प्रखंड कार्यालय परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार विरोधी नारे लगाए और स्थानीय प्रशासन में फैले भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े किए।
धरना में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोहन कुम्भकार ने संबोधित करते हुए कहा कि पूर्वी टुंडी प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार और घुसखोरी चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन से संबंधित कोई भी कार्य रिश्वत दिए बिना संभव नहीं है, और अधिकांश सरकारी योजनाएं सिर्फ कागजों पर चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार केवल बालू और कोयले के कारोबार में लगी हुई है, जबकि राज्य के किसान, गरीब, और शिक्षित बेरोजगार उपेक्षित हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो।
मौके पर उपस्थित प्रमुख भाजपा नेता
बासुदेव कुमार (प्रखंड अध्यक्ष), समीर साव, बिपिन दां, शंकर चन्द्र दां, भीमलाल भंडारी, जानकी रजक, महादेव कुमार, शशिभूषण कुमार, संदीप मंडल सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।