
सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक स्तर में गुणात्मक वृद्धि लाने का हो सार्थक प्रयास : रामनिवास यादव
गिरिडीह के उपायुक्त ने किया कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चैताडीह का निरीक्षण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चैताडीह का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक व्यवस्था, भोजन, पेयजल, बिजली, सीसीटीवी कैमरे, छात्रावास, स्मार्ट क्लास, साइंस लैब, शौचालय और अन्य सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी व्यवस्थाओं को सुचारू एवं गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने का आदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई और पाठ्यक्रम की जानकारी ली, शैक्षणिक प्रदर्शन का जायजा लिया और प्रश्न पूछकर उनकी बौद्धिक क्षमता का आंकलन किया। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों से संवाद किया एवं विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का अवलोकन किया।
उपायुक्त ने जोर दिया कि सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक स्तर में गुणात्मक वृद्धि लाने का सार्थक प्रयास किया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उचित संसाधन और माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे वे शैक्षणिक सफलता के साथ-साथ व्यक्तिगत विकास कर उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर हो सकेें।