आधार कार्ड बनाने के नाम पर अवैध वसूली, चार लोग हिरासत में

Advertisements

आधार कार्ड बनाने के नाम पर अवैध वसूली, चार लोग हिरासत में

डीजे न्यूज, पीरटांड़, गिरिडीह 

मधुवन थाना क्षेत्र के खपेंयबेड़ा में आधार कार्ड बनाने के नाम पर अवैध रूप से पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।

 

आरोप और कार्रवाई

 

बताया जा रहा है कि खपेंयबेड़ा में चार लोग आधार कार्ड बनाने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से ₹500 तक की मांग कर रहे थे। कुछ लोगों ने यह राशि दे भी दी। जब यह मामला स्थानीय लोगों को संदेहास्पद लगा, तो उन्होंने इसकी शिकायत बीडीओ मनोज कुमार मरांडी से की।

शिकायत मिलते ही बीडीओ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आधार कार्ड बनाने के लिए किसी अन्य जगह का लॉगिन इस्तेमाल किया जा रहा था और लोगों से मोटी रकम वसूली जा रही थी। इसके बाद बीडीओ ने तत्काल मधुबन थाना को सूचना दी, जिसके आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

बीडीओ की अपील

 

इस संबंध में बीडीओ मनोज कुमार मरांडी ने कहा कि आधार कार्ड बनाने के लिए सरकार द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रखंड मुख्यालय में आधार कार्ड बनाए जाते हैं और कोई भी व्यक्ति वहां जाकर आसानी से अपना आधार कार्ड बनवा सकता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे फर्जीवाड़े में न फंसे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

अवैध तरीके से चल रहा था आधार कार्ड निर्माण

 

जानकारी के अनुसार, सरकार की ओर से प्रत्येक प्रखंड में आधार कार्ड निर्माण के लिए अधिकृत एक ही केंद्र होता है। इसके बावजूद खपेंयबेड़ा में अवैध रूप से कैंप लगाकर आधार कार्ड बनाए जा रहे थे। अब चारों आरोपी पूरे उपकरण और दस्तावेजों के साथ पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top