
तोपचांची में श्री श्री 108 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के लिए निकली भव्य कलश शोभा यात्रा
डीजे न्यूज, राजगंज, धनबाद : तोपचांची (दया बसपहाड़) क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिव्य और भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा श्री श्री 108 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं राधा-कृष्ण मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर आयोजित की गई थी। सुबह मंदिर परिसर से शोभायात्रा गाजे-बाजे और धार्मिक भजनों के साथ आरंभ हुई। इसमें क्षेत्र की हजारों महिलाएं एवं कुमारी कन्याएं सिर पर कलश लेकर सहभागी बनीं। श्रद्धालुओं के जयकारों और भजन-कीर्तन से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।
कलशधारी नगर भ्रमण करते हुए स्थानीय नदी तट पर पहुँचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंडितों द्वारा विधिवत पूजन कराया गया। पूजन उपरांत सभी श्रद्धालु कलश लेकर यज्ञ मंडप की ओर बढ़े, जहां कलशों की विधिपूर्वक स्थापना की गई। यज्ञ समिति द्वारा भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए शोभा यात्रा मार्ग पर जगह-जगह शीतल पेय एवं शरबत की व्यवस्था की गई थी।
इस धार्मिक आयोजन को भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियाँ की गई थीं। इस पावन अवसर पर ज़िला परिषद उपाध्यक्ष सरिता रवानी, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि नैरो, तपन कुमार दुबे, अरुण कुमार केशरी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य यजमान के रूप में राम जी गोप अपनी धर्मपत्नी सहित, अजित महतो, टेकलाल गोप आदि श्रद्धापूर्वक उपस्थित रहे।