
कैबिनेट में प्रस्ताव पारित कराकर बनाया जाएगा गया पुल अंडरपास : सुदिव्य सोनू
विधानसभा में धनबाद के विधायक राज सिन्हा के सवाल पर मंत्री ने की घोषणा
डीजे न्यूज, धनबाद : मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा है कि गया पुल में अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव कैबिनेट से पारित कराकर सरकार निर्माण कार्य की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराएगी। मंत्री सोनू ने यह घोषणा गुरुवार को विधानसभा में की। वह धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा के सवालों का जवाब दे रहे थे। इसके पूर्व विधायक राज सिन्हा ने झारखंड विधानसभा में गैर सरकारी संकल्प की सूचना के तहत रंगाटांड श्रमिक चौक से बैंक मोड़ ओवरब्रिज के बीच प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम की समस्या को लेकर आवाज उठाई। उन्होंने इसे शहर की सबसे गंभीर समस्या बताते हुए गया पुल अंडरपास के शीघ्र निर्माण की मांग की।
धनबाद की लाइफलाइन है यह मार्ग, जाम से जनता परेशान
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद की लाइफलाइन मानी जाने वाली गया पुल से बैंक मोड़ तक की सड़क पर हर दिन भयंकर जाम लगता है। उन्होंने कहा कि अंडरपास नहीं बनने के कारण पूजा टॉकीज से बैंक मोड़ तक लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
छह बार टेंडर के बावजूद काम नहीं शुरू, विभागीय लापरवाही पर उठाए सवाल
विधानसभा में विधायक राज सिन्हा ने बताया कि गया पुल अंडरपास के निर्माण के लिए छह बार टेंडर प्रकाशित किया गया, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि यह अंडरपास धनबाद-गया मध्य रेलवे के रेलखंड पर स्थित है, जो शहर को दो भागों में विभक्त करता है।
इस मार्ग से हर दिन हजारों गाड़ियां गुजरती हैं, लेकिन संकरी सड़क के कारण जाम की समस्या और भी विकराल हो जाती है। विधायक ने कहा कि यह जिला एवं राज्य की प्रमुख सड़कों में से एक है, इसलिए इसका निर्माण अत्यंत आवश्यक और अनिवार्य है।
गंभीर मरीजों और आम जनता के लिए मुसीबत
सिन्हा ने सदन में कहा कि इस जाम से गंभीर मरीजों, एंबुलेंस और आम नागरिकों को भारी परेशानी होती है। बरसात के दिनों में यह समस्या और भी भयावह हो जाती है, जिससे लोगों की दैनिक जीवनचर्या प्रभावित होती है।
अंडरपास और एप्रोच पथ के शीघ्र निर्माण की मांग
विधायक राज सिन्हा ने सरकार से मांग की कि विभागीय लापरवाही समाप्त कर जल्द से जल्द गया पुल अंडरपास (Road Under Bridge) और उसके एप्रोच पथ का निर्माण कराया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस समस्या का समाधान जनहित में आवश्यक है और इसे अनदेखा नहीं किया जा सकता।