Advertisements

जंगल में माइका खुदाई करने वाली तिसरी की महिला को हाथियों ने कुचलकर मार डाला

 

हाथियों के हमले में कई मजदूर हुए घायल, कोडरमा के लुकैया जंगल में हुई यह घटना 

डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : कोडरमा जिले के इंदरवा गांव के लुकैया जंगल में सोमवार की रात को हाथियों ने तिसरी प्रखंड के नयनपुर गांव के निवासी चारो हांसदा की 58 वर्षीय पत्नी शांति टुडू को कुचल दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई है। इस संबंध में बताया गया कि गांव में रोजगार नहीं मिलने के कारण शांति टुडू गांव के अन्य महिला,पुरुष मजदूरों के साथ एक माह पहले ही माइका कोड़ने व चुनने के लिए कोडरमा जिला के इंदरवा गांव के लुकैया जंगल गई थी। जहां पर वह अन्य मजदूरों की तरह जंगल में ही झोपड़ी बना कर रात गुजारती थी और दिन में कोडरमा जिला के तथा कथित लोगों द्वारा संचालित अवैध माइका खदान में माइका कोड़ने और चुनने का काम करती थी। शांति टुडू अन्य दिनों की तरह सोमवार की शाम को भी लुकैया जंगल में संचालित खदान से माइका खोद कर झोपड़ीनुमा आशियाना में लौट कर आई थी। इसके बाद रात का खाना बनाने के बाद खाना खाकर झोपड़ी के अंदर ही सो रही थी। तभी देर रात को हाथियों का झुंड लुकैया जंगल आ धमका और जंगल में मजदूरों द्वारा बनाए गए झोपड़ियों को तोड़ कर तहस नहस कर दिया। इसी दौरान हाथियों ने शांति टुडू पर हमला बोलते हुए उन्हें बेरहमी से कुचल दिया जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जमुआ प्रखंड के द्वारपहरी गांव के कई मजदूरों को हाथियों द्वारा घायल करने की सूचना है। इधर हाथियों का आतंक देख कर अन्य मजदूर भयभीत हो गए और किसी तरह से जान बचाकर वहां से भाग कर कहीं छुप गए। इससे उन सभी मजदूरों को जान बच सकी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top