14 जुलाई से वार्डों में लगेंगे राजस्व वसूली शिविर, नगर आयुक्त ने अभियान तेज करने के दिए निर्देश
प्रॉपर्टी टैक्स, वाटर यूजर चार्ज और ट्रेड लाइसेंस की समीक्षा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगर निगम के राजस्व संग्रह को गति देने के उद्देश्य से नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने 14 जुलाई से शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष राजस्व वसूली शिविर लगाने का निर्देश दिया है। शनिवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रॉपर्टी टैक्स, वाटर यूजर चार्ज और ट्रेड लाइसेंस की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से राजस्व संग्रह का लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में नगर आयुक्त ने प्रॉपर्टी टैक्स वसूली की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नगर निगम की विकास योजनाओं को गति देने के लिए राजस्व संग्रह सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को वसूली अभियान तेज करने और निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने बताया कि 14 जुलाई से नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विशेष राजस्व वसूली शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिक एक ही स्थान पर प्रॉपर्टी टैक्स, वाटर यूजर चार्ज और ट्रेड लाइसेंस से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे तथा अपने कर एवं शुल्क का आसानी से भुगतान कर सकेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने, बकायेदारों से नियमित संपर्क बनाए रखने और प्रतिदिन अभियान की समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही ट्रेड लाइसेंस के नवीनीकरण एवं नए लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को भी सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया।
नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने विश्वास जताया कि नागरिकों के सहयोग और अधिकारियों की सक्रियता से नगर निगम राजस्व संग्रह के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करेगा, जिससे शहर में आधारभूत सुविधाओं के विकास और जनहित की योजनाओं को और गति मिलेगी।
बैठक में नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।