विविध खबरें:-
दिव्यांग बच्चों के नामांकन के लिए 15 से 24 जून तक चलेगा विशेष अभियान
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर विद्यालय से बाहर रह गए दिव्यांग बच्चों का नजदीकी विद्यालयों में नामांकन के लिए 15 जून से 24 जून तक विशेष नामांकन अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान में दिव्यांग बच्चों का पोषक क्षेत्र के विद्यालयों में नामांकन कराकर उन्हें शिक्षा की मुख्य धारा में जोड़ा जाएगा।
—————————————
सदर अस्पताल में जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न
धनबाद: धनबाद के सदर अस्पताल में बुधवार को एक महिला का जटील ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परिवार की आर्थिक स्थिति सीमित होने के कारण निजी अस्पताल में इस प्रकार के ऑपरेशन पर लगभग 30,000 से 40,000 रुपये तक का खर्च आ सकता था, जो उनके लिए वहन करना कठिन था। सदर अस्पताल में यह उपचार निःशुल्क उपलब्ध होने से उन्हें समय पर जीवनरक्षक चिकित्सा मिल सकी।
इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद ने बताया कि बरवाअड्डा निवासी 42 वर्षीय लखीवाला देवी, पिछले लगभग तीन महीनों से अत्यधिक मासिक रक्तस्राव की समस्या से परेशान थीं। लगातार रक्तस्राव के कारण उनकी शारीरिक स्थिति कमजोर होती जा रही थी। आर्थिक तंगी के कारण वे निजी अस्पताल में उपचार कराने में असमर्थ थीं। अंततः उन्होंने सदर अस्पताल, धनबाद का रुख किया और यहाँ कार्यरत स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ संजीव कुमार प्रसाद से परामर्श लिया।
विस्तृत जांच एवं अल्ट्रासोनोग्राफी कराने पर पता चला कि उनकी बच्चेदानी में गांठ है, जिसके कारण अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। उनकी स्थिति को देखते हुए डॉ. संजीव कुमार प्रसाद के नेतृत्व में सफलतापूर्वक बच्चेदानी निकालने का ऑपरेशन किया गया।
ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ दिनेश कुमार द्वारा एनेस्थीसिया दिया गया। शल्य चिकित्सा टीम के सहायक के रूप में मधुसूदन मरांडी एवं रंजन उपस्थित रहे।
ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और वर्तमान में मरीज स्वस्थ हैं तथा तेजी से स्वास्थ्य लाभ कर रही हैं। लखीवाला देवी एक गृहिणी हैं तथा उनके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पति पेशे से चालक हैं।
लखीवाला देवी एवं उनके परिजनों ने सदर अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें सरकारी अस्पताल में यह सुविधा नहीं मिलती, तो आर्थिक कारणों से उपचार कराना अत्यंत कठिन हो जाता।
——————————————–
परियोजना से प्रभावित किसानों के लिए बनें विशेष कार्य योजना
बलियापुर: खास परघा निवासी संजीव कुमार मोदक ने केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री को पत्र प्रेषित कर मुकुंदा ओपन कास्ट प्रोजेक्ट से प्रभावित किसानों के लिए विशेष कार्य योजना चलाने की मांग की है।
पत्र में कहा है कि मुकुंदा ओपन कास्ट प्रोजेक्ट के नाम पर किसानों की जमीन अधिग्रहण के बाद अधिकांश रैयत किसानों को जमीन के बदले उन्हें नौकरी नहीं दी गई है। जिससे वैसे किसान रोजी-रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कहां है कि एमओसीपी के नाम पर अधिग्रहित जमीन पर जरेडा एवं बीसीसीएल द्वारा कॉलोनी का निर्माण कर दिया गया है। उन्होंने कहा है कि प्रभावित रैयत किसनों की रोजी-रोटी के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करें ताकि उन्हें मिल सकें।
———————————————
रेत खुदाई के बाद भी जलापूर्ति ठप
बलियापुर: दामोदर नदी के पानी को बलियापुर जलापूर्ति योजना के इंटेकवेल तक पहुंचाने के लिए रेत की खुदाई का काम पूरा हो चुका है। इसके बावजूद जलापूर्ति संभव नहीं हो पा रहा है। योजना के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मियों का कहना है इंटेकवेल के पास काफी मात्रा में पानी के साथ कूड़ा कचरा एवं बालू जमा हो गया है। इससे पाइप जाम होने की संभावना है। साथ ही ऐसी स्थिति में मोटर में खराबी आने की भी संभावना है। इसे देखते हुए विभाग के निर्देश के बिना मोटर चलाना संभव नहीं है।