आम्रपाली आम की मिठास से बढ़ेगी किसानों की आय, समाहरणालय में विशेष बिक्री स्टॉल का उपायुक्त ने किया शुभारंभ

Advertisements

आम्रपाली आम की मिठास से बढ़ेगी किसानों की आय, समाहरणालय में विशेष बिक्री स्टॉल का उपायुक्त ने किया शुभारंभ

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले के आम उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत समाहरणालय परिसर में आम्रपाली आम के विशेष प्रदर्शनी एवं बिक्री स्टॉल का शुभारंभ किया गया। स्टॉल का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव एवं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर उपायुक्त और उप विकास आयुक्त ने स्टॉल का निरीक्षण कर आम की गुणवत्ता एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना से जुड़े किसानों और उत्पादकों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

उपायुक्त ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत जिले में बड़े पैमाने पर लगाए गए फलदार पौधों का सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है। आम्रपाली आम का उत्पादन करने वाले किसान अब अपनी उपज सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचा रहे हैं, जिससे उन्हें बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलेगा।

स्टॉल के माध्यम से लाभुक किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, प्रचार-प्रसार और विपणन का बेहतर अवसर मिलेगा। वहीं स्थानीय लोगों को ताजे और गुणवत्तापूर्ण आम खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

जिला प्रशासन की इस पहल को किसानों, महिला समूहों और ग्रामीण उत्पादकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (जेएसएलपीएस) सहित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top