विधिक सेवा प्राधिकार की टीम ने मंडल कारा का किया निरीक्षण

Advertisements

विधिक सेवा प्राधिकार की टीम ने मंडल कारा का किया निरीक्षण

बंदियों से सीधे बातचीत कर मूलभूत सुविधाओं तथा उनकी समस्याओं के बारे में की चर्चा

जेल अधीक्षक हिमानी प्रिया ने कारा में आवंटन के अभाव में हो रही असुविधाओं से कराया अवगत 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : माननीय झारखंड उच्च न्यायालय एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर रविवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह मार्तंड प्रताप मिश्रा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विनोद कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह (प्रभारी) अक्षय शर्मा तथा डीएलएसए की टीम ने मंडल कारा गिरिडीह का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने जेल मैनुअल के प्रावधानों के अनुरूप मंडल कारा में बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन एवं पेयजल की गुणवत्ता की जांच की तथा कारा की रसोई व्यवस्था का जायजा लिया।

इसके अतिरिक्त कारा में पदस्थापित चिकित्सा पदाधिकारी से बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। टीम ने कई बंदियों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही मूलभूत सुविधाओं तथा उनकी अन्य समस्याओं के बारे में भी चर्चा की।

इस दौरान जेल अधीक्षक सुश्री हिमानी प्रिया ने टीम को कारा में आवंटन के अभाव में उत्पन्न हो रही विभिन्न असुविधाओं से अवगत कराया।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह अक्षय शर्मा ने मंडल कारा में संचालित लीगल एड क्लीनिक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपस्थित बंदियों से उनके मुकदमों की पैरवी के लिए अधिवक्ता उपलब्ध होने अथवा नहीं होने की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के उपरांत टीम ने जेल प्रशासन को व्यवस्था संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा बंदियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top