
टुंडी में भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ श्री श्री रामचरितमानस यज्ञ
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : टुंडी मुख्यालय स्थित भुरसाबांक में श्री श्री रामचरितमानस यज्ञ को लेकर शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान 501 कुमारी कन्याओं ने भुरसाबांक शिव मंदिर से माथे पर कलश लेकर नतून पोखर पहुंची, जहां आचार्य राजू पांडे, प्रकाश पांडे, हरिमोहन मुखर्जी, मंटू मिश्रा आदि ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चना की।
कलश स्थापना और जय श्री राम के नारों से भक्तिमय माहौल
कुमारी कन्याओं ने माथे पर कलश भरकर यज्ञस्थल पहुंची और कलश स्थापित की। इस दौरान आसपास के क्षेत्र में जय श्री राम के नारे से भक्ति में माहौल बना रहा। कलश यात्रा में शामिल महाकाल झांकी देखने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। बिहार से आए महाकाल झांकी की भक्तों ने काफी प्रशंसा की।
विधि व्यवस्था के लिए पुलिस की मौजूदगी
विधि व्यवस्था को लेकर टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर दलबल के साथ मौजूद थे। कलश यात्रा में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य ज्ञान रंजन सिन्हा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संतोष सिंह, जिप सदस्य मीना हेंब्रम, प्रमुख मालती मरांडी, समाजसेवी प्रकाश चौधरी, आजसू नेता विक्रम भारद्वाज, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आनंद मोदक, यज्ञ कमेटी सदस्य समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए।
40वें वर्ष में पहुंचा यज्ञ आयोजन
विदित हो कि टुंडी मुख्यालय स्थित श्री श्री रामचरितमानस यज्ञ का इस वर्ष लगातार 40वें वर्ष आयोजन किया जा रहा है, जो आसपास के इलाकों में काफी लोकप्रिय है। इस यज्ञ का प्रारंभ हर वर्ष 9 मई को किया जाता है और पूर्णाहुति 18 मई को की जाती है।