डीजे न्यूज, डुमरी (गिरिडीह) : कोलकाता-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर डुमरी के कुलगो टोल प्लाजा के समीप बुधवार को हुए सड़क हादसे में धनबाद निवासी 21 वर्षीय युवक उदय कुमार दास की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक उदय कुमार दास, पिता अजीत दास, धनबाद के मुनीडीह क्षेत्र में माइनिंग का काम करता था। बताया गया कि वह प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) में गया था और वहां से बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कुलगो टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि हादसे के समय वे लगातार उदय के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन फोन व्यस्त बता रहा था। कुछ देर बाद अस्पताल से फोन आया और उन्हें डुमरी अस्पताल पहुंचने की सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचने पर उदय की मौत की जानकारी मिली।
इधर, परिजनों का आरोप है कि यह सिर्फ सड़क हादसा नहीं है, बल्कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जानी चाहिए। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।