तनाव की आशंका के बीच आक्रोश यात्रा पर प्रशासन ने लगाई रोक

तनाव की आशंका के बीच आक्रोश यात्रा पर प्रशासन ने लगाई रोक

डीजे न्यूज, गिरिडीह : शहर में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 22 अगस्त को प्रस्तावित आक्रोश यात्रा को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह धीरेंद्र कुमार ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा की अनुमति देना विधि-व्यवस्था के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता था।

जनता जागरूकता संघ, वेलफेयर ट्रस्ट, बस स्टैंड रोड, गिरिडीह की ओर से आक्रोश यात्रा के आयोजन की अनुमति मांगी गई थी। आवेदन में 21 अगस्त को छात्रों द्वारा विरोध प्रदर्शन एवं MMDRAB-2026 को लेकर शांतिपूर्ण धरना दिए जाने का उल्लेख किया गया था। साथ ही, बाद में एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष पर हमला किए जाने की बात भी आवेदन में कही गई थी।

अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में शहर में तनाव उत्पन्न होने तथा शांति एवं विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए आक्रोश यात्रा की अनुमति नहीं दी गई। प्रशासन की प्राथमिकता आमजनों की सुरक्षा के साथ शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।

उन्होंने सभी संबंधित पक्षों एवं आम नागरिकों से संयम बरतने तथा ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने की अपील की है, जिससे शहर की शांति और विधि-व्यवस्था प्रभावित हो। संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top