थोड़ी सी सावधानी ही बड़ी सुरक्षा है, दोपहर 11 से 4 बजे तक घर से न निकलें : उपायुक्त रामनिवास यादव

Advertisements

थोड़ी सी सावधानी ही बड़ी सुरक्षा है, दोपहर 11 से 4 बजे तक घर से न निकलें : उपायुक्त रामनिवास यादव

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी एवं चल रही भीषण लू को देखते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी जिलेवासियों से सतर्क एवं सुरक्षित रहने की अपील की है।

उन्होंने कहा, “अत्यधिक तापमान न केवल असुविधा पैदा करता है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी ही बड़ी सुरक्षा का कारण बन सकती है। आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है। सुरक्षित रहें, स्वस्थ रहें।”

उपायुक्त ने आमजन से अनुरोध किया है कि अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें, विशेषकर दोपहर 11 बजे से 4 बजे के बीच बाहर जाने से बचें। बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें, हल्के एवं सूती कपड़े पहनें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी, ORS या अन्य तरल पदार्थ का सेवन करते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है, क्योंकि ये वर्ग लू से अधिक प्रभावित होते हैं। किसी भी व्यक्ति में चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, लेकिन जनसहभागिता और जागरूकता से ही इस चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top