ताराटांड़ पेट्रोलिंग पार्टी की पिटाई से टुंडी के बोरिंग वाहन चालक की मौत, आक्रोशितों ने गिरिडीह-धनबाद सड़क को आठ घंटे तक किया ठप

ताराटांड़ पेट्रोलिंग पार्टी की पिटाई से टुंडी के बोरिंग वाहन चालक की मौत, आक्रोशितों ने गिरिडीह-धनबाद सड़क को आठ घंटे तक किया ठप

पेट्रोलिंग पार्टी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी और निलंबन के आश्वासन पर हटा जाम 

संजीत तिवारी, ताराटांड़(गिरिडीह) : गिरिडीह जिले की ताराटांड़ पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी की कथित पिटाई से धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत फतेहपुर के बोरिंग वाहन चालक संजय कुमार दास की मंगलवार की रात करीब दस बजे मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित सैकड़ोंं लोगों ने बुधवार को ताराटांड़ थाना के समक्ष गिरिडीह-धनबाद सड़क मार्ग को ठप कर दिया। घटना से आक्रोशित सैकड़ों लोग जिसमें बड़ी संख्या में टुंडी से आए थे बुधवार की सुबह सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित लोग पूरी पेट्रोलिंग पार्टी पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने एवं सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग कर रहे थे। जेएलकेएम के केंद्रीय सचिव कनक गुप्ता सड़क जाम का नेतृत्व कर रहे थे। लोगों के आक्रोश को देखते हुए एसडीपीओ जीतवाहन उरांव सदल बल सुबह को ही मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने काफी संयम से काम लिया। वह लगातार लोगों को समझाते रहे कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। गांडेय के प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत अंजुम, बेंगाबाद पुलिस निरीक्षक ममता कुमारी, गांडेय के पुलिस निरीक्षक कमाल खान, ताराटांड़ थाना प्रभारी सुशांत कुमार कैंप कर रहे थे। शाम साढ़े चार बजे मुआवजा के तौर पर ₹100000 एक लाख रुपए नगद, मजिस्ट्रेट के समक्ष वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम, हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने एवं पेट्रोलिंग पार्टी में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आश्वासन देने के बाद जाम हटा।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि पिंकू उर्फ संजय दास मंगलवार की रात करीब दस बजे बोरिंग वाहन लेकर फतेहपुर अपने आवास से गिरिडीह जा रहा था। इसी क्रम में मोहलीडीह के पास ताराटांड़ थाना की पेट्रोलिंग पार्टी से उसकी कहासुनी हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पैसे को लेकर यह विवाद हुआ और इसमें पुलिसकर्मियों ने उसकी पिटाई की। इससे मौके पर उसकी मौत हो गई। पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय वाहन मालिक जो गिरिडीह के गादी श्रीरामपुर का रहने वाला है को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वाहन मालिक पहुंचा और उसे गिरिडीह सदर अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इधर पेट्रोलिंग पार्टी के सदस्यों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी पिटाई नहीं की थी। आरोप झूठा है। वहीं एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

वार्ता में मुख्य रूप से भाजपा नेता और कोडरमा के सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, जेएलकेएम के यमुना मंडल, रॉकी नवल, अर्जुन पंडित, महाराज मंडल, सुरेंद्र यादव, अनिल कुमार, चिंतामणि कुमार, सोनू महतो, विजय कुमार दास आदि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top