स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर का निर्माण सर्वोच्च प्राथमिकता : नगर आयुक्त 

स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर का निर्माण सर्वोच्च प्राथमिकता : नगर आयुक्त 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने शुक्रवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में नगर निगम क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से सभी संबंधित अधिकारियों एवं पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था, नियमित कचरा संग्रहण, वार्डवार सफाई कार्यों की प्रगति, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उप नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, एसबीएम (स्वच्छ भारत मिशन) यू के प्रतिनिधि, आकांक्षा वेस्ट मैनेजमेंट के प्रतिनिधि सहित नगर निगम के सभी सफाई सर्किल प्रभारी उपस्थित रहे।

नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर का निर्माण नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं सफाई प्रभारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक वार्ड में नियमित एवं समयबद्ध सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाए। कहीं भी कचरे का अनावश्यक जमाव नहीं होने दिया जाए तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, मुख्य सड़कों, नालियों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही आकांक्षा वेस्ट मैनेजमेंट के प्रतिनिधियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने तथा समय-समय पर प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। नगर आयुक्त ने सभी सफाई सर्किल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, सफाई कर्मियों की उपस्थिति एवं कार्य निष्पादन की सतत मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी तथा विभिन्न वार्डों में संचालित सफाई कार्यों का लगातार मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top