सुदिव्य सोनू की असामयिक विदाई ने छोड़ा अपूरणीय शून्य : सिविल सोसाइटी

सुदिव्य सोनू की असामयिक विदाई ने छोड़ा अपूरणीय शून्य : सिविल सोसाइटी

सिविल सोसाइटी की श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने याद किया मंत्री का व्यक्तित्व और कार्यशैली

डीजे न्यूज, गिरिडीह : कैबिनेट मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर सिविल सोसाइटी गिरिडीह की ओर से अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला के बाभनटोली स्थित आवास पर शोक एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन गिरिडीह के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए गहरी क्षति है। उनके निधन से ऐसा अपूरणीय शून्य उत्पन्न हुआ है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। सामाजिक सरोकारों, राजनीति, शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उनकी दूरदर्शी सोच तथा गंभीर कार्यशैली ने उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाई।

वक्ताओं ने कहा कि बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के सुदिव्य कुमार सोनू ने बेहद कम समय में अपनी कार्यक्षमता, सूक्ष्म दृष्टि और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर राजनीति में अलग मुकाम हासिल किया। सरकार में महत्वपूर्ण दायित्व संभालते हुए उन्होंने विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाया और उनके समाधान की दिशा में प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का व्यक्तित्व, उनकी सोच और कार्यशैली लंबे समय तक लोगों को प्रेरित करती रहेगी। उनके असमय निधन से गिरिडीह ने एक सक्रिय जनप्रतिनिधि और झारखंड ने एक कर्मठ नेता खो दिया है।

श्रद्धांजलि सभा में सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, महासचिव शंकर पांडेय, सुनील खंडेलवाल, सुधीर अग्रवाल, लखनलाल, देवराज आनंद, राजेंद्र त्रिपाठी, काशी प्रसाद खंडेलवाल, अरुण कुमार, गौतम सोनी, निशु सिंह, रामदेव विश्वबंधु सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top