सुदिव्य सोनू के अधूरे सपनों को पूरा करना ही होगी सच्ची श्रद्धांजलि : हफिजूल हसन

सुदिव्य सोनू के अधूरे सपनों को पूरा करना ही होगी सच्ची श्रद्धांजलि : हफिजूल हसन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड मुक्ति मोर्चा गिरिडीह प्रखंड परिवार एवं झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बनियाडीह में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।

सभा को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार के जल संसाधन मंत्री हफिजूल हसन अंसारी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का झारखंड के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। गिरिडीह के विकास को लेकर भी वे लगातार प्रयासरत रहे। उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू ने गिरिडीह के विकास के लिए जो सपने देखे थे, उन्हें पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि गिरिडीह कोलियरी जब-जब संकट में आया, सुदिव्य सोनू ने उसे संकट से उबारने के लिए पहल की। बंदी के कगार पर पहुंच चुकी गिरिडीह कोलियरी का दोबारा चालू होना भी उनके प्रयासों का परिणाम है।

झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू जननेता थे। यही कारण है कि उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए हजारों लोग बनियाडीह पहुंचे। जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि सुदिव्य सोनू के निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपना अभिभावक खो दिया है। गिरिडीह ने भी एक मजबूत जनप्रतिनिधि खोया है।

जिला सचिव महालाल सोरेन ने कहा कि सुदिव्य सोनू सभी वर्गों और लोगों को साथ लेकर चलने वाले नेता थे। जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि उनके निधन से झामुमो को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं है।

श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता झामुमो गिरिडीह प्रखंड पूर्वी भाग के अध्यक्ष प्रधान मुर्मू, पश्चिमी भाग के अध्यक्ष अनवर अंसारी एवं झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष हरगौरी साव छक्कू ने संयुक्त रूप से की। मंच संचालन झाकोमयू के जोनल उपाध्यक्ष दिलीप मंडल एवं झारखंड युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष कोलेश्वर सोरेन ने किया। धन्यवाद ज्ञापन पूर्व विधायक केदार हाजरा ने किया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष संजय सिंह, जिला सचिव महालाल सोरेन, जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पु, शाहनवाज अंसारी, नुनूराम किस्कू उर्फ टाइगर, बरकत अली, महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, प्रणव वर्मा, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, सन्नी रैन, दिलीप रजक, चांद रसीद, मेहताब मिर्जा, दारा हाजरा, नारायण पाण्डेय, अभय सिंह, संजय वर्मा, पवन सिंह, राकेश रंजन समेत झामुमो, झाकोमयू एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में हजारों लोगों की मौजूदगी रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top