ओबीसी के लिए जनगणना फॉर्म में अलग कॉलम की मांग
16 सितंबर को राजभवन मार्च करेंगे कांग्रेसी
ओबीसी को बांटने की साजिश बर्दाश्त नहीं, सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखेगी कांग्रेस: जलेश्वर महतो
डीजे न्यूज, धनबाद: जातिगत जनगणना 2027 के जनगणना प्रपत्र में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए पृथक कॉलम की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो के नेतृत्व में रविवार को धनबाद परिसदन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर ओबीसी के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जनगणना फॉर्म में ओबीसी के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग उठाई।
जलेश्वर महतो ने कहा कि जातिगत जनगणना 2027 के फॉर्म में ओबीसी के लिए पृथक कॉलम और उसके अंतर्गत ड्रॉपडाउन बॉक्स नहीं दिया जाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि अलग-अलग जातियों, उपजातियों और गोत्रों के नाम दर्ज कराने की व्यवस्था से ओबीसी समाज को विभिन्न स्तरों पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पिछड़ा वर्ग की वास्तविक संख्या का सही आकलन प्रभावित होगा और उसके आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक अधिकारों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की ओबीसी को विभाजित कर उसके आरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित करने की कोशिश को कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी। सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करेगी।
जलेश्वर महतो ने बताया कि जनगणना प्रपत्र में ओबीसी के लिए पृथक कॉलम की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस 16 सितंबर को रांची में राजभवन मार्च करेगी। उन्होंने धनबाद जिले से कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मार्च में शामिल होने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर रवींद्र वर्मा ने कहा कि ओबीसी का अलग कॉलम नहीं होने से उनकी वास्तविक संख्या कम आंके जाने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका सीधा असर पिछड़े वर्ग के आरक्षण और अन्य संवैधानिक अधिकारों पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि 16 सितंबर को बापू वाटिका, रांची से राजभवन तक विशाल मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में रांची पहुंचकर मार्च को सफल बनाने की अपील की।
धनबाद जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश्वर सिंह यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियां हमेशा पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्ग के हितों के खिलाफ रही हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए सभी वर्गों को एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी।
प्रेस वार्ता में डॉ. डी.के. सिंह, राजकुमार महतो, असलम मंसूरी, श्रीराम चौरसिया, संजय जायसवाल, अनिल साव, अवधेश पासवान, मोइन अंसारी, बबलू दास, मालि गोप, मोहन महतो, मनी महतो, संजय चौहान, रोबिन पाल, जनक लाल, भास्कर झा समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।