स्तन कैंसर जागरूकता शिविर में बचाव और समय पर जाँच के लिए किया प्रेरित
डीजे न्यूज, कतरास, धनबाद:
महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करने और बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान के महत्व को समझाने के उद्देश्य से बुधवार को श्री कृष्णा मातृ सदन, रानी बाजार, कतरास में निःशुल्क स्तन कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन श्री कृष्णा मातृ सदन, रानी बाजार कतरास एवं सात्विक आई.वी.एफ. सिटी सेंटर, धनबाद के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. शिवानी झा, डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी एवं मनीषा मीनू मौजूद थे ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्तन कैंसर के लक्षणों, शुरुआती पहचान, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और नियमित स्वास्थ्य जाँच के प्रति जागरूक करना था।
डॉ. शिवानी झा ने महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के महत्व पर जोर देते हुए यह संदेश दिया कि शरीर में होने वाले असामान्य बदलावों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। स्तन में गांठ, आकार में बदलाव, त्वचा में असामान्य परिवर्तन या निप्पल से असामान्य स्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से सलाह लेना आवश्यक है। हालांकि, हर गांठ कैंसर नहीं होती, इसलिए सही जाँच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होती है।
उन्होंने स्तन या बगल में गांठ अथवा असामान्य बदलाव दिखने पर डॉक्टर से संपर्क करने,
स्तन के आकार, त्वचा या निप्पल में नए बदलाव को नजरअंदाज न करने, चिकित्सक की सलाह के अनुसार आवश्यक जाँच और स्क्रीनिंग कराने, परिवार में स्तन कैंसर का इतिहास होने पर चिकित्सक को इसकी जानकारी देने, स्तन कैंसर के बारे में फैली भ्रांतियों से बचें और सही चिकित्सकीय जानकारी अपनाने की सलाह दी।
डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी ने स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सा के महत्व के बारे में जागरूकता का संदेश दिया। महिलाओं को सलाह दी गई कि वे अपनी उम्र, पारिवारिक इतिहास और व्यक्तिगत जोखिम के अनुसार चिकित्सक से उचित जाँच की जानकारी लें। किसी भी संदिग्ध लक्षण के सामने आने पर जाँच कराने में देरी नहीं करनी चाहिए। समय पर पहचान होने से उपचार के बेहतर अवसर मिल सकते हैं।
क्लिनिकल डायटिशियन मनीषा मीनू ने ब्रेस्ट कैंसर से बचाव के लिए खान-पान संबंधी जानकारी दी।
मीणा कुमारी, सोनी देवी, पायल कुमारी और पुनिता कुमारी ने एक छोटी-सी संगीत के द्वारा लोगो को जागरूक किया एवं सात्विक आईवीएफ की तन्नू कुमारी ने इसके लक्षण को पहचाने के लिए एक छोटी सी प्रस्तुति दी।उपस्थित अतिथि एवं नर्सिंग स्टाफ ने पिंक रिबन लगा कर ब्रेस्ट कैंसर से बचने के लिए जागरूक किया क्योंकि गुलाबी रंग (Pink) स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता, समर्थन और उम्मीद का प्रतीक है। इसका उद्देश्य महिलाओं को समय पर जाँच कराने और शुरुआती लक्षणों को पहचानने के लिए प्रेरित करना है।
आयोजकों की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सही जानकारी उपलब्ध कराना, बीमारी को लेकर जागरूकता बढ़ाना और समय पर चिकित्सकीय सहायता लेने के लिए प्रेरित करना है। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण तथा समाज में स्वास्थ्य संबंधी सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सात्विक आईवीएफ धनबाद और श्री कृष्णा मातृ सदन के सभी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।