सर्किट हाउस में ‘तस्वीरों’ के साथ सांसद का तीखा वार
अरूप चटर्जी पर लगाया गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटर्स को पालने का आरोप, कोर्ट जाने की तैयारी
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सांसद ढुलू महतो ने विपक्ष पर अब तक का सबसे सनसनीखेज हमला बोला है। सांसद ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी को सीधे निशाने पर लेते हुए उन पर धनबाद के खूंखार अपराधियों से सीधे गठजोड़ का आरोप मढ़ दिया। सबूत के तौर पर मीडिया के सामने कुछ तस्वीरें साझा करते हुए सांसद ने दावा किया कि इन तस्वीरों ने कोयलांचल के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। सांसद ढुलू महतो ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के फरार चल रहे मुख्य शूटर मोइज खान और रिजवान सिद्दीकी असल में भाकपा माले के नेता हैं। उन्होंने कहा कि इन शूटरों को अरूप चटर्जी का सीधा संरक्षण प्राप्त है और वे विधायक के ‘दाएं-बाएं हाथ’ की तरह काम करते हैं। तस्वीरों में अपराधियों का विधायक के साथ दिखना इस बात का पुख्ता प्रमाण है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। इस जुबानी जंग को आर-पार की लड़ाई में बदलते हुए सांसद ने बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि वे इस गंभीर आपराधिक-राजनीतिक सांठगांठ को ठंडे बस्ते में नहीं जाने देंगे। इस पूरे मामले की निष्पक्ष और दूध का दूध-पानी का पानी करने वाली जांच के लिए वे बहुत जल्द न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे और एक जनहित याचिका दाखिल करेंगे। विरोधियों द्वारा की जा रही घेराबंदी पर कड़ा रुख अपनाते हुए सांसद ढुलू महतो ने कहा, “विभिन्न विचारधाराओं के लोग मिलकर मुझे घेरने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे चाहे जितना बड़ा चक्रव्यूह बना लें, मैं उसमें फंसने वाला नहीं बल्कि उसे भेदना जानता हूँ।” उन्होंने साफ किया कि ऐसी कोशिशों से धनबाद के विकास की रफ्तार रुकने वाली नहीं है।