सरिया के लालोकोनी में कुएं से दो किशोरी सहेलियों के शव बरामद

Advertisements

सरिया के लालोकोनी में कुएं से दो किशोरी सहेलियों के शव बरामद

दुपट्टे से बंधा मिला नगमा खातून और साहीन प्रवीण का शव, आत्महत्या की आशंका

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के लालोकोनी गांव में शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे एक कुएं में दो किशोरियों का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और सरिया पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी पिंकु कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शाम करीब साढ़े पांच बजे दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया।

मिली जानकारी के अनुसार, लालोकोनी गांव निवासी हदीस अंसारी की पुत्री नगमा खातून (17) और सरफराज अंसारी की पुत्री साहीन प्रवीण (15) शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर से शौचालय जाने की बात कहकर निकली थीं। एक घंटे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों से भी संपर्क किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

दोपहर करीब तीन बजे नगमा की मां जहूरन बीबी और नूरजहां खातून को गांव से लगभग 300 मीटर दूर खेत के पास बने एक कुएं के समीप शौचालय के लिए ले जाया गया डिब्बा दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुएं में डूबने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने झगर की सहायता से खोजबीन शुरू की। जब दोनों शवों को बाहर निकाला गया तो पाया गया कि नगमा खातून और साहीन प्रवीण का शव एक दुपट्टे से आपस में बंधा हुआ था। प्रारंभिक तौर पर दोनों सहेलियों द्वारा कुएं में कूदकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, परिजनों ने किसी पर कोई शक नहीं जताया है।

नगमा खातून एक निजी विद्यालय की छात्रा थी और इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा देकर परिणाम का इंतजार कर रही थी। वहीं साहीन प्रवीण सरकारी विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार नगमा की शादी भी तय हो चुकी थी और कुछ महीनों बाद उसकी शादी होने वाली थी। परिजन और ग्रामीण इसे आत्महत्या का मामला मान रहे हैं, लेकिन इसके पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

देवभूमि झारखंड न्यूज संदेश :

जीवन अनमोल है। किसी भी परिस्थिति में आत्महत्या का कदम न उठाएं। समस्या कितनी भी बड़ी क्यों न हो, उसका समाधान संभव है। अपने परिजनों, मित्रों या विशेषज्ञों से बात करें और मदद लें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top