स्कूल रूआर को लेकर तिसरी में कार्यशाला, 30 अप्रैल तक नामांकन पर जोर
डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : तिसरी प्रखंड के स्कूलों में बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन और ड्रॉपआउट रोकथाम के उद्देश्य से स्कूल रूआर-2026 अभियान के तहत बीडीओ मनीष कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को प्रखंड कार्यालय के मीटिंग हॉल में कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ मनीष कुमार, उपप्रमुख बैजू मरांडी, तिसरी के मुखिया किशोरी साव, पंचायत समिति सदस्य माला सिन्हा और शिक्षा विभाग के बीपीओ अक्षय कुमार प्रभाकर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बैठक में 30 अप्रैल तक प्रखंड के सभी विद्यालयों में विशेष गतिविधियां चलाने और स्कूल से बाहर (आउट ऑफ स्कूल) एवं पढ़ाई छोड़ चुके ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन नजदीकी विद्यालयों में सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।
बीडीओ मनीष कुमार ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान घर-घर जाकर अनामांकित और ड्रॉपआउट बच्चों को चिन्हित करें और उनका शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें। साथ ही कक्षा 1 से 11 तक के सभी विद्यार्थियों का अगली कक्षा में सुचारू पारगमन सुनिश्चित करने को कहा गया।
आंगनबाड़ी से निकले बच्चों का कक्षा एक में नामांकन कराने पर विशेष बल दिया गया। वहीं यू-डाइस पोर्टल पर दर्ज ड्रॉपआउट बच्चों को संबंधित विद्यालयों से जोड़ने का निर्देश भी दिया गया।
बीडीओ ने कहा कि रूआर अभियान का मुख्य उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और ड्रॉपआउट की समस्या को पूरी तरह समाप्त किया जाए।
इस अवसर पर बीपीओ अक्षय कुमार प्रभाकर, बीआरपी मृत्युंजय कुमार व बैजू कुमार, सीआरपी अजय महथा, सीआरसी महादेव राय, दिनेश्वर वर्मा, सुरेश उपाध्याय, सुनील बरनवाल और प्रमोद यादव सहित अन्य मौजूद थे।