सिंदरी में बैसाखी पर भक्ति की बही बयार
रागी जत्थे ने कीर्तन से किया संगत को मंत्रमुग्ध
डीजे न्यूज,
तिसरा, धनबाद : सिख धर्म के प्रमुख पर्व बैसाखी के पावन अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा सिंदरी में भव्य कीर्तन एवं रागी जत्था का आयोजन किया गया। इस मौके पर गुरुद्वारा परिसर में विशेष कीर्तन दरबार सजाया गया, जहां संगत ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर गुरु वाणी का श्रवण किया।
कार्यक्रम में रागी जत्था द्वारा मधुर गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रागी जगदीश सिंह ने अपनी स्वर लहरियों से संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि तबले पर सतपाल सिंह ने संगत को भावविभोर कर दिया। उनके साथ लावण्या कौर एवं उदिता किरण कौर ने भी भक्ति भाव से कीर्तन में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर प्रधान जसप्रीत सिंह रेनू ने उपस्थित श्रद्धालुओं को गुरु परंपरा और गुरु गोबिंद सिंह जी के आदर्शों को स्मरण करते हुए समाज में एकता, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि बैसाखी का पर्व न केवल फसल की खुशहाली का प्रतीक है, बल्कि यह सिख पंथ की स्थापना और खालसा पंथ के जन्म का भी ऐतिहासिक दिन है।
कार्यक्रम के अंत में गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा और समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। इस अवसर पर सिंदरी थाना के थाना अध्यक्ष को सिख धर्म की परंपरा के अनुसार स्वरूपा देकर सम्मानित किया गया।