श्रावणी मेले में बाबा धाम जाने वालों के लिए सीधी ट्रेन की मांग तेज, रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने रेलवे मंत्रालय से गिरिडीह–देवघर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर कहा है कि बाबा धाम के निकटवर्ती जिला होने के बावजूद गिरिडीह के श्रद्धालु आज भी सीधी रेल सेवा से वंचित हैं।
खंडेलवाल ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से बाबा धाम के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाती हैं, लेकिन गिरिडीह, कोडरमा और आसपास के लाखों श्रद्धालुओं को सड़क मार्ग से कठिन और महंगी यात्रा करनी पड़ती है। उन्होंने इसे क्षेत्रीय उपेक्षा बताते हुए श्रावणी मेला अवधि में गिरिडीह–देवघर के बीच प्रतिदिन विशेष ट्रेन चलाने की मांग की।
उन्होंने कोडरमा–महेशमुंडा पैसेंजर (53365/53366) का विस्तार मधुपुर तक करने तथा सप्ताह के सातों दिन इसके परिचालन की भी मांग उठाई है। उनका कहना है कि इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
पत्र में खंडेलवाल ने कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत मांग नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था, सुविधा और जनभावना से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे प्रशासन शीघ्र निर्णय लेता है तो गिरिडीह, कोडरमा एवं आसपास के जिलों के लोगों को राहत मिलेगी और सड़क मार्ग पर बढ़ते दबाव में भी कमी आएगी।
उन्होंने रेल मंत्री एवं रेलवे बोर्ड से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गिरिडीह–देवघर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन की तत्काल घोषणा करने की अपील की है। साथ ही बताया कि उनके पत्र को अग्रेतर कार्रवाई के लिए रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक रत्नेश कुमार झा के पास भी भेज दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेलवे प्रशासन इस जनहित के मुद्दे पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।