शिक्षकों की समस्याओं को ले हुई वार्ता
डीजे न्यूज, धनबाद: शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण को लेकर अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने मंगलवार को जिला शिक्षा अधीक्षक के साथ वार्ता की। संघ के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार भगत ने पी एम पोषण शक्ति निर्माण योजना (मध्याह्न भोजन योजना) का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल को एसएमएस नहीं करने के कारण कुछ विद्यालयों के शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया है। इस पर अधिकारी ने शीघ्र भुगतान का आदेश संबंधित निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी को देने की बात कहीं।
नगर निगम से 8 कि मी पर अवस्थित विद्यालयों में पदस्थापित शिक्षकों को परिवहन भत्ता के संबंध में प्रदेश से मार्गदर्शन की मांग की गयी है।
सहायक आचार्य के वेतन भुगतान के मामले पर जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा इस निमित्त आश्वासन प्राप्त हुआ कि प्रदेश से मार्गदर्शन प्राप्त होते ही भुगतान शुरू कर दिया जाएगा। मौके पर जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार, संयुक्त सचिव राजीव कुमार, दिनेश राम, उप कोषाध्यक्ष राजू प्रसाद साव एवं अन्य शिक्षक थे।