शिक्षक संघ ने सुनील कुमार को किया सम्मानित

Advertisements

शिक्षक संघ ने सुनील कुमार को किया सम्मानित

डीजे न्यूज, जमशेदपुर : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, प्रखंड अध्यक्ष-सचिव एवं वरीय शिक्षक प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को शहरी संसाधन केंद्र, जमशेदपुर में आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में वरीय शिक्षक प्रतिनिधि, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश सलाहकार समिति सदस्य सुनील कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं 2004 बैच के शिक्षकों द्वारा श्री सुनील कुमार को शिक्षा एवं शिक्षक हित में उनके निरंतर समर्पण, ईमानदारी एवं सक्रिय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर 2004 बैच के शिक्षकों को 22 दिसंबर 2003 से परिकल्पित तिथि के आधार पर वरीयता लाभ दिलाने हेतु आदेश जारी कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए उन्हें शॉल, पुष्पगुच्छ एवं फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया।

बैठक में विभिन्न प्रखंडों एवं जिलों से आए प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और श्री सुनील कुमार के कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने शिक्षक समस्याओं के समाधान में लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है और उनके नेतृत्व पर पूरा विश्वास जताया गया।

सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पूर्वी सिंहभूम के शिक्षक श्री सुनील कुमार को प्रदेश स्तर पर संघ के शीर्ष पद पर देखना चाहते हैं। साथ ही संघ की एकता और मजबूती बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

अपने संबोधन में श्री सुनील कुमार ने सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों से संघ में आस्था बनाए रखने की अपील की और कहा कि शिक्षक हित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए वे हर संभव प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने सम्मान के लिए सभी का आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे और संचालन जिला उपाध्यक्ष श्री संजय कुमार केसरी द्वारा किया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top