धनबाद में अवैध खनन पर सांसद ढुलू महतो सख्त 

Advertisements

धनबाद में अवैध खनन पर सांसद ढुलू महतो सख्त 

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री किशन रेड्डी को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच व कठोर कार्रवाई की मांग की

साथ ही चेताया-कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित रही, तो वे इसे संसद के भीतर और बाहर मजबूती से उठाने के लिए बाध्य होंगे

डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने धनबाद के कतरास, टांड़ाबाड़ी एवं सोनारडीह सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनन के कारण उत्पन्न भयावह स्थिति, भू-धंसान, राजस्व क्षति एवं नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर केन्द्रीय कोयला एवं खान मंत्री किशन रेड्डी को विस्तृत पत्र भेजा है।

सांसद महतो ने अपने पत्र में स्पष्ट कहा कि यह घटनाएं कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि बीसीसीएल प्रबंधन एवं सुरक्षा तंत्र की संस्थागत विफलता, लापरवाही और भ्रष्टाचार का परिणाम हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि कतरास, टांड़ाबाड़ी, सोनारडीह, महुदा, केशरगढ़, निरसा, गोपीनाथपुर एवं गोवर्धनाटांड़ जैसे क्षेत्रों में अवैध खनन के कारण स्थिति अत्यंत गंभीर हो चुकी है और हजारों परिवार जमीन धंसने के खतरे के बीच जीवन यापन करने को मजबूर हैं।

सांसद ने अपने पत्र में यह भी रेखांकित किया कि अवैध सुरंगों के माध्यम से कोयले की बड़े पैमाने पर चोरी हो रही है, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बाहरी माफिया तत्वों का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा बलों की तैनाती के बावजूद इस प्रकार का अवैध उत्खनन जारी रहना गंभीर चिंता का विषय है और यह व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। बीसीसीएल द्वारा सुरक्षा मानकों एवं वैधानिक प्रावधानों की अनदेखी ने स्थिति को और अधिक संवेदनशील एवं खतरनाक बना दिया है।

सांसद ढुलू महतो ने अपने पत्र के माध्यम से इस पूरे प्रकरण पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बीसीसीएल के संबंधित अधिकारियों एवं सुरक्षा प्रभारियों को जवाबदेह ठहराते हुए सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने राजस्व चोरी, आपराधिक षड्यंत्र एवं लोक उपेक्षा जैसे गंभीर प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज करने, उच्चस्तरीय विशेष जांच दल द्वारा निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रभावित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा एवं सम्मानजनक पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की है।

सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि इस बार भी कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित रही, तो वे इस गंभीर मुद्दे को संसद के भीतर और बाहर मजबूती से उठाने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि केन्द्र सरकार इस विषय को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं ठोस कदम उठाएगी, जिससे धनबाद कोयलांचल क्षेत्र में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top