सफाई मित्रों के लिए क्षमता निर्माण पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित
डीजे न्यूज, धनबाद: स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत धनबाद नगर निगम की ओर से सफाई मित्रों के लिए एक दिवसीय क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को बाबूडीह एवं चिरागोड़ा विवाह भवन में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट (AIILSG) के सहयोग से किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 200 सफाई मित्रों ने भाग लिया। प्रशिक्षण को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए प्रतिभागियों को लगभग 50-50 के बैच में विभाजित कर दो पालियों में प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों को सुरक्षित सफाई पद्धतियों, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (PPE Kit) के उचित उपयोग, कार्यस्थल पर सुरक्षा, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा स्वच्छता कार्यों के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, सफाई मित्रों को नमस्ते योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं और लाभों के बारे में बताया गया। इन योजनाओं के माध्यम से मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा, जीवन बीमा एवं दुर्घटना बीमा संबंधी सुविधाओं की जानकारी देते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 (Solid Waste Management Rules, 2026) एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियमों (Plastic Waste Management Rules) के प्रमुख प्रावधानों पर भी जानकारी दी गई। सफाई मित्रों को कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, गीले एवं सूखे कचरे के अलग-अलग संग्रहण, सैनिटरी कचरे एवं विशेष देखभाल वाले कचरे के उचित प्रबंधन तथा कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के महत्व से अवगत कराया गया।
प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत प्रतिबंधित एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचने, प्लास्टिक कचरे को अलग एकत्रित करने, पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही, सफाई कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम धनबाद अंचल से प्रारंभ किया गया है तथा आगामी दिनों में धनबाद नगर निगम के धनबाद, झरिया, कतरास, छाताटांड़ एवं सिंदरी में चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य सफाई मित्रों की कार्यक्षमता में वृद्धि करना, उनकी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।
धनबाद नगर निगम सफाई मित्रों के कौशल विकास, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर धनबाद के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।