सात दिन में नहीं रुकी कोयला चोरी तो सड़क पर उतरेगा झाकोमयू 

Advertisements

सात दिन में नहीं रुकी कोयला चोरी तो सड़क पर उतरेगा झाकोमयू

बीसीसीएल और सीआईएसएफ जवाबदेही तय करें : उमाशंकर चौहान

डीजे न्यूज, तिसरा (धनबाद) : बीसीसीएल क्षेत्र में जारी अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर अवैध खनन और कोयला चोरी पर रोक नहीं लगाई गई तो संगठन के नेतृत्व में जोरदार आंदोलन किया जाएगा।

जयरामपुर मोड़ स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के जोनल उपाध्यक्ष उमाशंकर चौहान ने कहा कि बीसीसीएल क्षेत्र में अवैध खनन के अलावा ओपन कास्ट परियोजनाओं, लोडिंग प्वाइंटों और अन्य स्थानों से बड़े पैमाने पर कोयले की चोरी हो रही है, लेकिन इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में संगठन की ओर से सीआईएसएफ के महानिदेशक, बीसीसीएल के सीएमडी और जिला प्रशासन को तीन बार पत्र भेजकर अवैध उत्खनन और कोयला चोरी पर रोक लगाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय संपत्ति की खुलेआम लूट हो रही है, जिससे केंद्र और राज्य सरकार दोनों को राजस्व का भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उमाशंकर चौहान ने कहा कि वह खनन विभाग से लेकर डीजीएमएस तक इस मामले को उठा चुके हैं। उन्होंने कहा, “बीसीसीएल की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के पास है, जो केंद्र सरकार के अधीन कार्य करता है। बीसीसीएल भी केंद्र सरकार के अधीन संचालित संस्था है। इसके बावजूद अवैध खनन और कोयला चोरी पर रोक नहीं लगाई जा रही है, जबकि बदनाम राज्य सरकार को किया जा रहा है। हम अपनी सरकार को बदनाम नहीं होने देंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि अवैध कोयला परिवहन भी जोरों पर जारी है। तिसरा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन लगातार हो रहा है। उन्हें जानकारी मिली है कि रात के समय झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग से भी अवैध कोयले का परिवहन किया जा रहा है।

उमाशंकर चौहान ने चेतावनी देते हुए कहा कि संगठन ने संबंधित एजेंसियों को सात दिनों का समय दिया है। यदि इस अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो यूनियन के कार्यकर्ता सड़क पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को बदनाम करना बंद किया जाए और बीसीसीएल तथा सीआईएसएफ अपनी जवाबदेही समझें।

प्रेस वार्ता में रानू मंडल, रमाकांत चौहान, कृष्ण चौहान, लालमोहन चौहान, रोहित पासवान, ललित महतो, रिंकू खान, लक्ष्मण चौहान, रौनक सिन्हा, सुनील पासवान, संजय कोयरी, कुंदन कुमार, जयराम साव, प्रियांशु चौहान और मोहम्मद कलामुद्दीन अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top