संथाल हूल के अमर वीरों को अर्पित की श्रद्धांजलि
स्वाभिमान, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है हूल दिवस: रतिलाल टुडू
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
हूल दिवस के अवसर पर बिरसा मुंडा शिशु निकेतन विद्यालय, सलदाहा, राजगंज में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरीय नेता रतिलाल टुडू सहित अन्य लोगों ने संथाल हूल के अमर वीरों सिदो मुर्मू, कान्हू मुर्मू, चाँद मुर्मू एवं भैरव मुर्मू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर रतिलाल टुडू ने कहा कि हूल दिवस आदिवासी समाज के स्वाभिमान, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। यह केवल इतिहास को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और आदिवासी अस्मिता की रक्षा का संकल्प दोहराने का दिन भी है।
संथाल हूल के महानायकों ने अंग्रेजी शासन और शोषण के विरुद्ध जो ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी, वह आज भी हमें अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने और अपने अधिकारों की रक्षा करने की प्रेरणा देती है। हूल के वीरों का बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा।
उन्होंने युवा पीढ़ी से अपने इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मौके पर सोनोत संताल समाज के केन्द्रीय अध्यक्ष सनातन सोरेन, केंद्रीय सचिव अनिल टुडू, टुंडी विधायक प्रतिनिधि बिरजू सोरेन, झामुमो बाघमारा प्रखण्ड सचिव मनसा राम मुर्मू, यूनियन के एरिया 4 सचिव रौनक सिन्हा, झामुमो कतरास नगर उपाध्यक्ष ऋतिक सिंह, कतरास नगर सह सचिव सागर भुइयां, शिवकुमार सोरेन, धनी देवी, महावीर हांसदा, सुरेन्द्र कुमार हेम्ब्रम,अनिल ठाकुर, सुरेन्द्र प्रसाद हेम्ब्रम, शेखर मुर्मू, सोहन टुडू, अलसा सोरेन, शिवराम टुडू, आनंद मरांडी, सुधीर हेम्ब्रम आदि मौजूद रहे।