सालासर टेक्नो इंजीनियरिंग झारखंड के पावर ग्रिड को दे रही मजबूती
डीजे न्यूज, धनबाद: भारत के पावर ट्रांसमिशन और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की प्रमुख इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) कंपनी सालासर टेक्नो इंजीनियरिंग लिमिटेड झारखंड की पावर ट्रांसमिशन यूटिलिटी झारखंड ऊर्जा संचारण निगम लिमिटेड (JUSNL) के लिए कुल ₹124.81 करोड़ की दो टर्नकी परियोजनाओं को पूरा कर रही है। दोनों परियोजनाएं 18 महीने के भीतर पूरी की जानी हैं।
इन परियोजनाओं में धनबाद जिले के सिंदरी स्थित हर्ल में 132/33 kV ग्रिड सबस्टेशन तथा बोकारो जिले में चास तक 132 kV ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण शामिल है। कंपनी के अनुसार, JUSNL के साथ यह साझेदारी झारखंड में महत्वपूर्ण सबस्टेशन एवं ट्रांसमिशन परियोजनाओं को पूरा करने की उसकी क्षमता पर बढ़ते भरोसे को दर्शाती है।
सालासर टेक्नो इंजीनियरिंग लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर शशांक अग्रवाल ने कहा कि ये परियोजनाएं झारखंड के पावर ग्रिड की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की मजबूती और विश्वसनीयता बेहतर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि सिंदरी के 132/33 kV सबस्टेशन और बोकारो के चास तक 132 kV ट्रांसमिशन लाइन को जोड़कर क्षेत्र के पावर नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कंपनी का इंटीग्रेटेड EPC एग्जीक्यूशन मॉडल तथा गुणवत्ता, सुरक्षा और निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करने की प्रतिबद्धता JUSNL की इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा करने में सहायक होगी।
₹63.44 करोड़ की सबस्टेशन परियोजना के तहत धनबाद जिले के सिंदरी स्थित HURL में 132/33 kV, 2×80 MVA ग्रिड सबस्टेशन का डिजाइन, इंजीनियरिंग, सामान एवं उपकरणों की आपूर्ति, निर्माण एवं स्थापना, टेस्टिंग तथा कमीशनिंग शामिल है। परियोजना के पूरा होने से सिंदरी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।