रिजर्वर की सफाई से तीन दिन प्रभावित रहेगी जलापूर्ति, दो लाख की आबादी की बढ़ेगी परेशानी
दीपावली और छठ पूजा से पहले झमाडा ने शुरू की सफाई, पाथरडीह की 18 और 8 इंच पाइपलाइन से आंशिक जलापूर्ति
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): दीपावली एवं छठ पूजा के मद्देनजर उपभोक्ताओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झमाडा ने रिजर्वर की सफाई शुरू कर दी है। इसके कारण 24, 25 एवं 26 अक्टूबर को पाथरडीह की 18 इंच और 8 इंच पाइपलाइन से होने वाली जलापूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी। इससे क्षेत्र के करीब दो लाख लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
झमाडा के एसडीओ कृपा शंकर ने बताया कि प्लांट के दूसरे क्लेरिफायर में काफी गंदगी जमा हो गई थी, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। त्योहारों के दौरान लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रिजर्वर की सफाई आवश्यक हो गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए सफाई का कार्य शुरू किया गया है।
कई इलाकों में पेयजल संकट की आशंका
पाथरडीह की 18 इंच पाइपलाइन से डिगवाडीह, जियलगोड़ा, जोड़ापोखर, भौंरा, लोदना, जयरामपुर समेत आसपास के कई क्षेत्रों में जलापूर्ति की जाती है। सफाई कार्य के दौरान इन इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। त्योहारों के समय जलापूर्ति में कटौती होने से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को पानी का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करने की जरूरत होगी।
30 इंच पाइपलाइन से झरिया में जारी रहेगी आपूर्ति
विभागीय जानकारी के अनुसार, झरिया में 30 इंची पाइपलाइन के माध्यम से नियमित जलापूर्ति जारी रहेगी। हालांकि, पाइपलाइनों के आपस में जुड़े होने के कारण कुछ अन्य क्षेत्रों में भी जलापूर्ति पर असर पड़ने की संभावना है। रिजर्वर की सफाई पूरी होने के बाद पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।