पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल होने के लिए सीएम हेमंत सोरेन को न्योता
एडीजी प्रिया दुबे ने मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार मुलाकात, 26 अक्टूबर को खेलगांव में होगा समारोह
डीजे न्यूज, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), जैप प्रिया दुबे ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
यह समापन समारोह 26 अक्टूबर 2026 को रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। मुलाकात के दौरान आईजी (जैप) सुनील भास्कर और डीआईजी (जैप) कार्तिक एस. भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। अखिल भारतीय स्तर की इस प्रतियोगिता के माध्यम से पुलिसकर्मियों को तीरंदाजी में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।