राजगंज की खबरें:-
यूजीसी नेट परीक्षा में बड्स गार्डेन स्कूल के दो पूर्व विद्यार्थियों ने लहराया परचम
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): बड्स गार्डेन स्कूल, दलूडीह के दो पूर्व मेधावी विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के तहत विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा आयोजित यूजीसी नेट परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। दोनों विद्यार्थी अब असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की दिशा में आगे बढ़ गए हैं।
तोपचांची प्रखंड के ढांगी ग्राम निवासी संतोष पाठक एवं अनीता देवी के पुत्र सूरज कुमार पाठक ने यूजीसी नेट के साथ जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। सूरज कुमार पाठक बड्स गार्डेन स्कूल, दलूडीह के 2013 बैच के विद्यार्थी रहे हैं।
वहीं, तोपचांची प्रखंड के रथटांड़, रोआम निवासी अवध किशोर महतो एवं सारो देवी की पुत्री राखी कुमारी ने भी यूजीसी नेट परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। राखी कुमारी विद्यालय की 2019 बैच की छात्रा रही हैं। उनकी सफलता से परिवार के साथ-साथ विद्यालय में भी खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद चौरसिया ने बताया कि सूरज कुमार पाठक और राखी कुमारी प्रारंभ से ही मेधावी एवं मेहनती विद्यार्थी रहे हैं। दोनों की सफलता विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। परीक्षा में सफलता की खबर मिलते ही विद्यालय में उत्साह का माहौल बन गया।
विद्यालय के शिक्षकों ने दोनों पूर्व विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उम्मीद जताई कि दोनों शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज और देश की सेवा करेंगे।
——————————————-
पुलिस ने पढ़ाया साइबर अपराध से बचाव का पाठ
राजगंज: साइबर अपराध से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा को लेकर सोमवार को राजगंज थाना क्षेत्र के धावाचिता स्थित वनस्थली विद्यापीठ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल एवं राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार झा ने किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों तथा उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने फर्जी लिंक, ओटीपी, यूपीआई पिन, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, साइबर बुलिंग सहित अन्य ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। साथ ही ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने को कहा गया।
इस दौरान साइबर अपराध की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा National Cyber Crime Reporting Portal के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया। मौके पर बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल, राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार झा समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।