राजगंज की ख़बरें:

राजगंज की ख़बरें:

राजगंज डिग्री कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य बने अरुण कुमार केसरी

राजगंज: राजगंज डिग्री कॉलेज में लंबे समय से चली आ रही प्राचार्य पद की समस्या का समाधान हो गया है। शासी निकाय की बैठक में कॉलेज के प्रोफेसर अरुण कुमार केसरी को प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया गया। इससे पूर्व एसएसएलएनटी की प्राचार्य डॉ. शर्मिला रानी कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य के रूप में कार्यरत थीं।

गुरुवार को सुबह 10:30 बजे डॉ. शर्मिला रानी की अध्यक्षता में शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी प्राचार्य के रूप में अरुण कुमार केसरी के नाम पर निर्णय लिया गया। करीब एक वर्ष बाद राजगंज डिग्री कॉलेज को अपना प्रभारी प्राचार्य मिला है।

मालूम हो कि करीब एक वर्ष पूर्व तत्कालीन प्राचार्य परितोष कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद प्राचार्य पद को लेकर कॉलेज के शिक्षकों के दो गुट आमने-सामने आ गए थे। विवाद इतना बढ़ गया था कि पुलिस को हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराना पड़ा था। इसके बाद एसएसएलएनटी की प्राचार्य डॉ. शर्मिला रानी को राजगंज डिग्री कॉलेज का प्रभारी प्राचार्य बनाया गया था।

प्राचार्य और सचिव के पद को लेकर लंबे समय से बनी स्थिति का असर कॉलेज के कामकाज पर भी पड़ा। पठन-पाठन के साथ-साथ शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के वेतन भुगतान में भी परेशानी उत्पन्न हुई थी।

नवनियुक्त प्रभारी प्राचार्य अरुण कुमार केसरी ने कहा कि कॉलेज का विकास, शिक्षकों के बकाया वेतन का भुगतान और नियमित पठन-पाठन उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को प्राचार्य के प्रति किसी भी तरह की शिकायत का मौका नहीं दिया जाएगा तथा कॉलेज में कक्षाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएंगी।

बैठक में डॉ. शैलेश कुमार, शिक्षाविद् डॉ. सुरेश प्रसाद महतो, शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. सुरेंद्र सिंह मुंडा, महाविद्यालय प्रतिनिधि, डॉ. शर्मिला रानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यवाहक प्राचार्य अरुण कुमार केसरी तथा शासी निकाय के सचिव डॉ. सुरेंद्र सिंह मुंडा, आरएसपी कॉलेज झरिया के संयुक्त हस्ताक्षर से कॉलेज के बैंक खातों का संचालन किया जाएगा। इसके माध्यम से बकाया राशि एवं शिक्षकों के वेतन का भुगतान करने के साथ कॉलेज के आवश्यक विकास कार्य भी कराए जाएंगे।

____________________________________________________________

ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

राजगंज: गुरुवार को राजगंज पंचायत सचिवालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार धनबाद के द्वारा विधिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राजगंज मुखिया बंदना बारूई ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर विधिक सेवा दल के द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विभिन्न मामलों में कानुनी सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी गयी। नुक्कड़ नाटक दल द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पारा लीगल वोलेंटियर लक्ष्मी कुमारी, संतोष सिंह, नाजीम खान, पूजा झा, सुमन कुमारी, रूपा कुमारी, अजहरुद्दीन, गणेश कुमार, आजाद आलम, जितु कुमार, बिट्टु, मो अफरोज, सज्जाद आलम आदि सक्रिय थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top