
पश्चिमी सिंहभूम में अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
डीजे न्यूज, बंदगांव, पश्चिमी सिंहभूम :
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देशानुसार बंदगांव थाना प्रभारी दुर्गा शंकर मंडल के नेतृत्व में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत थाना क्षेत्र के गयाडीह, दिग्गी और गगरी गांवों में पुलिस ने ग्रामीणों को अवैध अफीम की खेती के दुष्प्रभावों और कानूनी परिणामों की जानकारी दी।
नवयुवकों और ग्रामीणों को किया जागरूक
ग्राम दिग्गी में खेल रहे हॉकी खिलाड़ियों और उपस्थित दर्शकों के बीच पुलिस ने हिन्दी और मुंडारी भाषा में अवैध अफीम की खेती से होने वाले नुकसान और कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, ग्रामीणों को अवैध खेती छोड़कर वैकल्पिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हिन्दी और मुंडारी भाषा में पोस्टर और बैनर भी वितरित किए गए।
ग्रामीणों ने नष्ट की 7 एकड़ में लगी अफीम की फसल
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे निरंतर जागरूकता अभियान का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। टेबो थाना अंतर्गत ग्राम बिंगबुरू में स्थानीय ग्रामीणों ने खुद पहल करते हुए लगभग 07 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया।
पुलिस-ग्रामीणों का साझा प्रयास
इस जागरूकता अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल और ग्रामीण उपस्थित थे। पुलिस ने ग्रामीणों से अवैध अफीम की खेती को पूरी तरह समाप्त करने में सहयोग देने की अपील की और वैकल्पिक फसलों की खेती अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
बंदगांव थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा किए जा रहे इस प्रकार के जागरूकता अभियानों से अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और समुदाय को सुरक्षित एवं जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।