प्रशासनिक पहल से लाहबेड़ा के दो टोलों का वर्षों पुराना विवाद सलटा 

Advertisements

प्रशासनिक पहल से लाहबेड़ा के दो टोलों का वर्षों पुराना विवाद सलटा 

सामाजिक एवं बुद्धिजीवियों की मौजूदगी में पुलिस ने कराई पंचायती, अब 27 अप्रैल को होगा सामूहिक भोज 

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : रुपन पंचायत के लाहबेड़ा गांव में पिछले कई वर्षो से चले आ रहे विवाद का अंत शुक्रवार को पुलिस प्रशासन की पहल और मौजूदगी में हो गया। लाहबेड़ा गांव के दो टोला के बीच पिछले कई सालों से मनमुटाव और विवाद जारी था। कभी मारपीट, कभी गाली-गलौज तो कभी देख लेने की धमकी जैसी घटनाएं घट रही थीं। दो दिन पूर्व माहौल उस समय अधिक तनावपूर्ण हो गया जब उपर टोला के लोगों ने नीचे टोला के लोगों को सरकारी तालाब में नहाने और सरकारी चापाकल से पीने की पानी लेने पर रोक लगा दिया। तालाब के घाट पर व चापाकल को कांटे और झाड़ियों से घेर दिया गया। मामला पूर्वी टुंडी थाना तक पहुंच गया तो इसमें प्रशासन ने पहल की और शुक्रवार को लाहबेड़ा गांव में पंचायती बुलाई गई। थाना प्रभारी नीतीश कुमार, पुलिस निरीक्षक मो साजिद हुसैन, मुखिया सतीश मुर्मू, पूर्व मुखिया पुत्र प्रदीप टुडू, झामुमो नेता रामचन्द्र मुर्मू आदि की मौजूदगी में सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं और पुरुष पंचायती में शामिल हुए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाया। इस दौरान कई बार माहौल गरम हो गया। पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया और दोनों पक्षों के पांच -पांच बुद्धिजीवी लोगों को लेकर समझौता करा दिया गया। दोनों पक्ष के ग्रामीणों द्वारा पुलिस प्रशासन को आपसी भाईचारे के साथ रहने का भरोसा दिलाया गया। ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि आगामी 27 अप्रैल को दोनों ही टोला के लोग सामूहिक भोज में शामिल होंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top