

प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारक और संग्रहालय बनवाकर उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया : पूर्व सांसद सुनील सोरेन
दी सरकार ने जनजातीय गौरव को नई पहचान दी : गौरवकांत
डीजे न्यूज, दुमका: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बुधवार को दुमका परिसदन में भारतीय जनता पार्टी, दुमका जिला इकाई द्वारा एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष गौरवकांत ने की, जबकि मुख्य रूप से पूर्व सांसद सुनील सोरेन और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य परितोष सोरेन उपस्थित रहे। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को पहली बार वह राष्ट्रीय सम्मान मिला है, जिसका वह सदियों से हकदार था।
भाजपा जिला अध्यक्ष गौरवकांत ने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी जी ने जनजातीय समाज के सम्मान और राजनीतिक सशक्तिकरण को नई ऊँचाई दी है।” उन्होंने कहा कि देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति के रूप में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का चयन मोदी सरकार की जनजातीय समाज के प्रति गहरी संवेदना का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षण की अवधि का विस्तार, ST समुदायों में नई जातियों का समावेश और जनजातीय मंत्रालय के बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी, केंद्र सरकार की जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए जो आंदोलन चलाया, उसने पूरे देश को आत्मगौरव का भाव दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पहली बार बिरसा मुंडा जयंती को “जनजातीय गौरव दिवस” के रूप में मनाया गया, जिससे आदिवासी समाज को राष्ट्रीय पहचान मिली।
सुनील सोरेन ने बताया कि मोदी सरकार ने देशभर में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारक और संग्रहालय बनवाकर उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का काम किया है, ताकि बच्चे अपने नायकों के बलिदान से प्रेरणा ले सकें।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य परितोष सोरेन ने कहा कि मोदी सरकार ने शिक्षा, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में जनजातीय समाज को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की संख्या में तीन गुना वृद्धि की गई है, जिससे जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। साथ ही वन धन योजना, TRIFED और प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन जैसी योजनाओं ने जनजातीय युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जनजातीय समाज का गौरव बढ़ा है, और अब हर भाजपा कार्यकर्ता का कर्तव्य है कि वे भगवान बिरसा मुंडा जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाएं।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष रमेश मुर्मू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अंजुला मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष मार्शल ऋषिराज टुडू, तथा जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू। कार्यक्रम का समापन भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को नमन और जनजातीय समाज के उत्थान के संकल्प के साथ किया गया।