मेयर संजीव ने किया जलजमाव स्थल का निरीक्षण
निगम अधिकारियों को दिया समाधान करने का निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद:
शहर के बिग बाजार के समीप मुख्य सड़क पर बने नवनिर्मित पुल/नाले के कारण पानी की निकासी बाधित होने की समस्या को लेकर मंगलवार को मेयर संजीव सिंह ने संबंधित स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ नगर निगम के अधिकारी भी थे।
स्थानीय निवासियों द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बताया गया कि उक्त नवनिर्मित संरचना के कारण नाले की प्राकृतिक जल निकासी प्रभावित हो रही है, जिसके चलते बरसात के दिनों में नीलांचल कॉलोनी में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। इससे न केवल आवागमन बाधित होता है, बल्कि लोगों के घरों में पानी घुसने की स्थिति भी बन जाती है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।
निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने तकनीकी पहलुओं का आकलन करते हुए जल निकासी को सुचारू बनाने हेतु आवश्यक सुधार कार्य जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया।
मौके पर आरसीडी के पंकज एवं नगर निगम के जे.ई. भगत उपस्थित रहे। उन्होंने स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक तकनीकी सुझाव दिए।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि नीलांचल कॉलोनी में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर स्वयं अधिकारियों को मौके पर भेजकर निरीक्षण कराया गया है। हमारी प्राथमिकता है कि बरसात से पहले ही जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर निगम जनहित के मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।