प्रभातम मॉल में चलाया ट्रेड लाइसेंस सत्यापन अभियान
डीजे न्यूज, धनबाद:
धनबाद नगर निगम द्वारा नगर क्षेत्र में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस सत्यापन हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत मंगलवार को प्रभातम मॉल का निरीक्षण एवं सत्यापन कार्य किया गया।
सत्यापन के दौरान विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस एवं होल्डिंग टैक्स की जांच की गई। जांच के क्रम में कुछ प्रतिष्ठान बिना अद्यतन ट्रेड लाइसेंस के संचालित पाए गए साथ ही सभी के होल्डिंग टैक्स में त्रुटि पायी गई, जिनसे नगर निगम के प्रावधानों के अनुरूप कुल 17 हजार जुर्माना वसूला गया। साथ ही कई प्रतिष्ठानों का ट्रेड लाइसेंस नवीकरण (Renewal) लंबित पाया गया।
नगर निगम की टीम द्वारा संबंधित व्यवसायियों को शीघ्र ट्रेड लाइसेंस का नवीकरण कराने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित अवधि के भीतर नवीकरण नहीं कराने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
धनबाद नगर निगम सभी व्यवसायियों से अपील करता है कि वे अपने ट्रेड लाइसेंस को अद्यतन रखें तथा समय पर नवीकरण कराकर नगर निगम के नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करें। नगर निगम द्वारा इस प्रकार का सत्यापन अभियान आगे भी विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं बाजार क्षेत्रों में निरंतर चलाया जायेगा।