पूर्वी टुंडी के कोरैया में मासूम भाई-बहन की मौत
जहरीले सांप के डंसने से मौत की आशंका, गांव में पसरा मातम
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी (धनबाद): पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत उकमा पंचायत के कोरैया गांव में शुक्रवार की मध्यरात्रि लगभग 12 बजे महिमा सोरेन उर्फ माही (07 वर्ष) तथा रितेश सोरेन (03 वर्ष) की मौत जहरीले सांप के डंसने से हो गई। दोनों सगे भाई-बहन हैं। घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध रह गया और माहौल गमगीन हो गया। आश्चर्यजनक बात यह कि जहरीले सांप को किसी ने आते जाते या आसपास भी दिखाई नहीं दिया।
बताया जाता है कि कोरैया गांव की आदिवासी महिला सितोली सोरेन अपने तीन संतानों महावीर सोरेन(12), महिमा सोरेन उर्फ माही(7) व रितेश सोरेन (3)के साथ मिट्टी और खपरैल के घर में सोई हुई थी। बड़ा बेटा महावीर सोरेन खटिया पर सोया हुआ था जबकि सितोली अपने दोनों छोटे बच्चों महिमा और रितेश के साथ जमीन पर चटाई और केथा बिछाकर सोई हुई थी। अचानक रात बारह बजे के आसपास दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और पेट दर्द व तेज बुखार आ गया। मां घबरा गई और बगल के कमरे में सो रहे बूढ़े सास ससुर को जगाया। देखते ही देखते दोनों के मुंह से झाग आने लगा।हो हल्ला सुनकर पड़ोसी भी जाग गये। लगभग तीन चार घंटे तक अपने स्तर से परिजनों ने बचाने का भरपूर प्रयास किया। अंततः परिजनों ने सुबह के लगभग पांच बजे दोनों मूर्छित भाई-बहन को उठाकर धनबाद के एसएनएमएमसीएच ले गए जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजन शवों को घर ले आए। मृत बच्चों के पिता सोमलाल सोरेन तमिलनाडु में मजदूरी करता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है।
इधर इस दुखदाई घटना को सुनकर उकमा पंचायत की मुखिया सुनीता हेम्ब्रम, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष भीमलाल भंडारी, झामुमो कार्यकर्ता अभिराम मुर्मू,प्रभु हांसदा व कोरैया स्कूल के शिक्षक आदि कोरैया गांव पहुंचे और आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली मुआवजा के बारे में परिजनों को जानकारी दी। मृत बच्चों की मां सितोली सोरेन पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं हो रही थी। इस बीच मौके पर पूर्वी टुंडी पुलिस व अंचल के सीआई चंदन कुमार पहुंचे और परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए राजी करवाया ताकि सरकारी सहायता मिल सके। अंततः कागजी प्रक्रिया के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेजा गया।