पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने डिगवाडीह 10 नंबर में किया भव्य गणेश मेले का उद्घाटन

पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने डिगवाडीह 10 नंबर में किया भव्य गणेश मेले का उद्घाटन

डीजे न्यूज, झरिया (धनबाद) : डिगवाडीह 10 नंबर स्थित गणेश पूजा मैदान में चल रहे गणेश महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को भव्य मेले का औपचारिक उद्घाटन झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने फीता काटकर किया। सोमवार को विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ स्थापित की गई भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के दर्शन और आज से शुरू हुए मेले का आनंद लेने के लिए मैदान में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूर्णिमा नीरज सिंह ने भगवान गणेश के समक्ष माथा टेककर संपूर्ण झरिया क्षेत्र की जनता की सुख, समृद्धि और आरोग्य की कामना की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि 42 वर्षों की यह ऐतिहासिक परंपरा आज झरिया की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। यह आयोजन आज जिस विशाल रूप में हमारे सामने है, वह झरिया वासियों की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है।

इस बार पश्चिम बंगाल के मायापुर स्थित प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर के प्रारूप पर निर्मित भव्य पंडाल की कलाकृति की सराहना करते हुए पूर्व विधायक ने पूजा समिति के प्रयासों को सराहा। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति के सदस्यों, स्थानीय गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूर्व विधायक का स्वागत किया और पूरे परिसर में गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजते रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top