मिलावट पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, 8.5 किलो दूषित मिठाई कराई गई नष्ट

मिलावट पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, 8.5 किलो दूषित मिठाई कराई गई नष्ट

बगोदर में 10 दुकानों की जांच, छह दुकानदारों को FSSAI लाइसेंस लेने का निर्देश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर बुधवार को सरिया-बगोदर अनुमंडल के बगोदर प्रखंड में विभागीय टीम ने 10 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 8.5 किलोग्राम दूषित एवं मिलावटी मिठाई बरामद हुई, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

जांच के दौरान छह दुकानदारों को निर्धारित नियमों के तहत अनिवार्य रूप से FSSAI लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। टीम ने मिठाई दुकानों, होटलों, पनीर विक्रेताओं, फल-सब्जी दुकानों तथा ठेला-खोमचा संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी। साथ ही मिलावटी एवं एनालॉग पनीर की जांच की गई और मिठाइयों में केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुमोदित खाद्य रंगों का इस्तेमाल करने को कहा गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी पूजा भगत, पूजा कुमारी एवं आशुतोष गहलौत तथा सहायक वसीम की मौजूदगी में चले इस अभियान के दौरान दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मिलावटी या दूषित खाद्य सामग्री बेचने तथा बिना आवश्यक लाइसेंस कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top