जिला प्रशासन की खबरें:-
धनबाद में चला ‘होम टू रोल’ सत्यापन अभियान
डीजे न्यूज, धनबाद: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, धनबाद विधानसभा क्षेत्र-सह-अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे द्वारा सघन ‘होम टू रोल’ सत्यापन अभियान चलाया गया।
इस क्रम में मतदान केंद्र संख्या 118 के अंतर्गत अंबिका अपार्टमेंट में विभिन्न फ्लैटों एवं घरों में जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान घर-घर जाकर यह सुनिश्चित किया गया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज है, मृत या स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए गए हैं तथा दोहरी प्रविष्टि की संभावना को समाप्त किया गया है। साथ ही मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेजों की जांच करते हुए उनके विवरणों का मिलान किया गया।
इस दौरान ईआरओ सह अनुमंडल दंडाधिकारी के साथ सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, धनबाद, रामप्रवेश कुमार, निर्वाचन प्रभारी बिनोद कुमार सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर सजल मंडल, बीएलओ पर्यवेक्षक बिनोद कुमार तथा बीएलओ लक्ष्मी कुमारी, सुधा कुमारी एवं संचिता घोष उपस्थित रहीं।
—————————————————–
जिम्मेदारी के साथ पुनरीक्षण कार्य करने का निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद विधानसभा के ईआरओ सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे एवं एईआरओ सह अंचल अधिकारी धनबाद रामप्रवेश कुमार द्वारा मतदान केंद्र संख्या 116, 117 एवं 118 में बीएलओ एवं बीएलए-2 की पांचवीं बैठक का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान बीएलओ, बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला के सदस्यों के साथ आयोजित पांचवीं बैठक की गतिविधियों एवं निर्वाचन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को पारदर्शिता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए पुनरीक्षण कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।