प्लास्टिक की बोतलों में पौधरोपण कर दिया रिसाइकिलिंग का संदेश
डीजे न्यूज, धनबाद: राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल संख्या-2 कार्यालय में सोमवार को’वेस्ट टू आर्ट’ (कचरे से कला) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस संबंध में उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बताया कि इस अनूठी पहल का मुख्य उद्देश्य बेकार व अनुपयोगी सामग्री के पुनः उपयोग, रचनात्मकता को बढ़ावा देना और जनसाधारण में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का प्रसार करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कार्यालय परिसर में पड़े पुराने और बेकार सामानों का संकलन कर कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक सोच से कई आकर्षक व उपयोगी कलाकृतियों का निर्माण किया। इस दौरान “कचरे से कंचन” की अवधारणा को धरातल पर उतारने का प्रयास किया गया।
वहीं पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम को लेकर कार्यक्रम में विशेष पहल देखने को मिली। प्रतिभागियों ने अनुपयोगी प्लास्टिक की खाली बोतलों को सुंदर गमलों का रूप देकर उनमें पौधे रोपे। इसके माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाली सिंगल-यूज प्लास्टिक की बोतलों को फेंकने के बजाय उन्हें हरियाली बढ़ाने और पौधरोपण के लिए पुनः उपयोग में लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि कचरा प्रबंधन और पुनर्चक्रण भी इसका एक अभिन्न अंग है। इस तरह के आयोजनों से न केवल कार्यालय परिसर सुंदर और स्वच्छ बनता है, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी सुदृढ़ होती है। कार्यक्रम में प्रमंडल के अधिकारियों एवं कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।
मौके पर कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल,
जिला समन्वयक (जल जीवन मिशन) पवन कुमार गुप्ता, जिला समन्वयक (स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण) साहिला परवीन सहित विभाग के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में आई जल साहिया दीदी मौजूद थे।