बैंक अधिकारी बनकर साइबर ठगी करने वाला गिरफ्तार, 53 शिकायतों का खुलासा

बैंक अधिकारी बनकर साइबर ठगी करने वाला गिरफ्तार, 53 शिकायतों का खुलासा

डीजे न्यूज, धनबाद: भूली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पांडरपाला दास बस्ती निवासी राहुल कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से बरामद दो मोबाइल की जांच में एनसीआरपी पोर्टल पर अलग-अलग राज्यों से साइबर धोखाधड़ी की कुल 53 शिकायतें दर्ज मिली हैं।

इस संबंध सोमवार को धनबाद के प्रभारी साइबर डीएसपी प्रकाश कुमार साव ने बताया कि पुलिस को 27 सितंबर की शाम एनसीआरपी पोर्टल के जरिए संदिग्ध मोबाइल नंबर से साइबर अपराध किए जाने की जानकारी मिली थी। तकनीकी शाखा से मोबाइल नंबर की लोकेशन पांडरपाला दास बस्ती में मिली। इसके बाद वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम जब पांडरपाला दास बस्ती पहुंची तो एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे तत्काल पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसकी पहचान राहुल कुमार दास के रूप में हुई।

पुलिस ने उसके पास से बरामद दोनों मोबाइल की एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से जांच की, जिसमें साइबर धोखाधड़ी से संबंधित कुल 53 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान राहुल कुमार दास ने बैंक अधिकारी बनकर लोगों से साइबर ठगी करने की बात बताई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक सैमसंग और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस अब एनसीआरपी में दर्ज शिकायतों के आधार पर आरोपी से जुड़े साइबर ठगी के मामलों की आगे जांच कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top