पलामू जिले को शिक्षा में अव्वल बनाना लक्ष्य : उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत
डीजे न्यूज, पलामू : बुधवार को अजाप्टा पलामू के शीर्षस्थ संघीय पदाधिकारियों ने नवपदस्थापित उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को शॉल एवं बुके देकर सम्मानित करते हुए उनका स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई, जिस पर उपायुक्त ने सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा उनकी प्राथमिकता में है और जिले को शिक्षा के क्षेत्र में अव्वल बनाना उनका लक्ष्य है। इसके लिए सभी संबंधित पक्षों के समेकित प्रयास की आवश्यकता होगी। साथ ही उन्होंने शिक्षकों को हर संभव सहयोग देने का विश्वास भी जताया।
इस अवसर पर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों एवं सहायक आचार्यों के लंबित वेतन भुगतान, लंबित प्रोन्नति, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, गैर-शैक्षणिक कार्यों से शिक्षकों को मुक्त करने तथा शिक्षकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल में महासचिव अमरेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रामानुज प्रसाद, संगठन मंत्री राजीव रंजन पांडेय, संयुक्त सचिव विनय मांझी, पाण्डु प्रखंड अध्यक्ष अजय कुमार, विश्रामपुर प्रखंड सचिव मुमताज़ अंसारी, पाटन कमिटी के संतोष कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।